AI CHIPS CHINA : Who is the mastermind behind the supply of Nvidia chips to China?
नई दिल्ली। Nvidia के एडवांस AI चिप्स को अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद चीन पहुंचाने के कथित नेटवर्क में अब एक नए कारोबारी का नाम सामने आया है। अब तक चर्चा में रहीं एलिस हुआंग को इस नेटवर्क का सार्वजनिक चेहरा बताया जा रहा था, लेकिन नई रिपोर्ट में 52 वर्षीय चीनी कारोबारी ली मिंग को पर्दे के पीछे से नेटवर्क चलाने वाला बताया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ली मिंग सिंगापुर में रहकर कई कंपनियों के जरिए Nvidia चिप्स से लैस सर्वर की खरीद और सप्लाई से जुड़ा था। आरोप है कि अमेरिकी सप्लायरों से सर्वर खरीदते समय इनके इस्तेमाल की जानकारी सिंगापुर की कंपनी के नाम पर दी गई, लेकिन सर्वर पहले मलेशिया भेजे गए और फिर किसी तीसरे देश तक पहुंचाए गए।
ली मिंग का नाम फरवरी 2025 में सिंगापुर में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में भी आया था। फिलहाल वह जमानत पर बाहर है।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ली मिंग के एलिस हुआंग और उनके पति कांग वेई के साथ लंबे समय से कारोबारी संबंध थे। अमेरिकी प्रतिबंधों के बाद दक्षिण-पूर्व एशिया में कंपनियों का नेटवर्क तैयार किया गया। इसी नेटवर्क के जरिए मलेशिया के डेटा सेंटर से चीनी टेक कंपनी अलीबाबा को कंप्यूटिंग क्षमता उपलब्ध कराने और कुछ Nvidia सर्वर चीन भेजने के आरोप हैं।
इस मामले में अमेरिका और सिंगापुर में जांच चल रही है। सिंगापुर सरकार के मुताबिक, एलिस हुआंग के खिलाफ जांच में संभावित अपराधों के आरोप तय करने लायक सबूत नहीं मिले थे। हालांकि, गलत जानकारी देने और कंपनी में अपनी भूमिका कम बताने पर उन्हें कड़ी चेतावनी दी गई थी।
मेगास्पीड कंपनी ने किसी भी गलत काम से इनकार किया है और निर्यात नियमों के पालन की बात कही है। जांच अभी जारी है।


