CG WEATHER UPDATE : The storm has stopped, now the cold will increase in Chhattisgarh!
रायपुर। तूफान अकवान का असर कमजोर पड़ने के बाद छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी छत्तीसगढ़ और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर हो रहा है। अगले कुछ दिनों में मौसम साफ होने के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है। फिलहाल अगले 24 घंटे में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
रविवार सुबह राजधानी रायपुर में कोहरा छाया रहा। इससे पहले शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे और अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में बदलाव के चलते लोगों को दिन की तुलना में रात में ज्यादा ठंडक महसूस हो रही है।
प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश बिलासपुर संभाग के भैसमा में दर्ज की गई, जहां 90 मिमी बारिश हुई। वहीं पेंड्रा रोड 16.6 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। रायपुर में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री, बिलासपुर में 19.6, अंबिकापुर में 19, दुर्ग में 18.4 और राजनांदगांव में 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। आसमान साफ होने पर मौसम में ठंडक का एहसास बढ़ेगा।


