रायपुर: प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर से बदल गया है। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा के भी आसार बने हुए है। साथ ही प्रदेश भर में बादल छाए रहेंगे। मौसम का मिजाज बदलने व हल्की वर्षा होने से उमस से राहत मिली है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।
सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान बीते दस वर्षों में सर्वाधिक कम रहा। यहां का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। रायपुर का न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य रहा।
सोमवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में बादल छाए रहे। साथ ही बहुत से क्षेत्रों में हल्की वर्षा भी हुई। अधिकतम तापमान में आई गिरावट से मौसम में भी ठंडकता आ गई। रायपुर के साथ ही बिलासपुर, पेन्ड्रा रोड सहित कई स्थानों के अधिकतम तापमान में गिरावट रही। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले एक दो दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश और उससे लगे उत्तर विदर्भ के ऊपर है।
निम्न दाब के केंद्र भाटापारा, झाड़सुगड़ा, बालासोर और उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक है। इसके प्रभाव से ही मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। मोहला 13 सेमी, दुर्गकोंदल 12 सेमी, पखांजूर-बीजापुर 11 सेमी, मानपूर 10 सेमी, भानुप्रतापपुर-कटेकल्याण 9 सेमी,डौंडी-भैरमगढ़ 8 सेमी, कोरबा-करतला 7 सेमी वर्षा हुई। इसके साथ ही प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई।
