CHHATTISGARH : More than 30 cows died in Lavan Goshthan, whose negligence was it?
बलौदाबाजार/लवन। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के नगर पंचायत लवन स्थित गोठान से बेजुबान पशुओं की मौत का मामला सामने आया है। लगातार बारिश और बढ़ती ठंड के बीच 30 से अधिक गायों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मृत गायों की वास्तविक संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक, अर्णव तूफान के प्रभाव से पिछले दो दिनों से इलाके में बारिश हो रही थी। आरोप है कि इस दौरान गोठान में गायों को पर्याप्त शेड और सूखी जगह नहीं मिल पाई। कुछ मृत पशुओं के शव कीचड़ और मिट्टी से सने मिले। इससे गोठान में पशुओं की देखरेख और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
मामले में यह भी बताया जा रहा है कि नगर पंचायत के कर्मचारियों ने मृत गायों के शवों को आनन-फानन में दफना दिया। लेकिन अब सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में पशुओं की मौत कैसे हुई और जिम्मेदारों को इसकी जानकारी कब मिली?
क्या मृत गायों का पोस्टमार्टम कराया गया? मौतों का रिकॉर्ड तैयार हुआ या नहीं? गोठान में शेड और दूसरी सुविधाओं की क्या व्यवस्था थी? इन सवालों पर नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
मामले में जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने, मृत पशुओं की वास्तविक संख्या सार्वजनिक करने और जिम्मेदारी तय करने की मांग उठ रही है।
