CG FRAUD CASE : Ex-serviceman accused of cheating him of Rs 3 crore, hunger strike in front of NHAI office
कोरबा। कारगिल युद्ध में शामिल रह चुके पूर्व सैनिक प्रेमचंद पाण्डेय ने एनएचएआई के एक ठेकेदार पर 3 करोड़ रुपए की ठगी का गंभीर आरोप लगाया है। पाण्डेय का कहना है कि टोल प्लाजा में पार्टनर बनाने के नाम पर उनसे यह रकम ली गई, लेकिन बाद में न तो पार्टनर बनाया गया और न ही पैसे लौटाए गए। न्याय न मिलने से परेशान होकर उन्होंने एनएचएआई कार्यालय के सामने अनशन शुरू कर दिया है।
सुभाष ब्लॉक से घंटाघर जाने वाले मार्ग पर विप्र वाटिका के पास स्थित नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय के सामने प्रेमचंद पाण्डेय भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर धरने पर बैठे हैं। उनका आरोप है कि ठेकेदार विनोद जैन और अधिकारियों के रवैये से तंग आकर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
प्रेमचंद पाण्डेय ने बताया कि जशपुर जिले को झारखंड से जोड़ने वाले लोदाम सहित कई राज्यों के टोल प्लाजा में निवेश के नाम पर उन्होंने विनोद जैन को करीब 3 करोड़ रुपए नगद और चेक के जरिए दिए थे। बाद में ठेकेदार ने उन्हें पार्टनर नहीं बनाया और अब रकम भी वापस नहीं कर रहा है।
पूर्व सैनिक का आरोप है कि इस पूरे मामले में पुलिस और एनएचएआई दोनों चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि एनएचएआई के कई टोल प्लाजा में खुलेआम मनमानी और भ्रष्टाचार हो रहा है। कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है और कई गैरकानूनी काम चल रहे हैं, जिसकी जानकारी अधिकारियों को होने के बावजूद वे कार्रवाई नहीं कर रहे।
इस मामले में पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने डिप्टी सीएम विजय शर्मा और नेशनल हाईवे के अधिकारियों को पत्र लिखकर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि पूर्व सैनिक के अनशन के बाद प्रशासन और एनएचएआई क्या कदम उठाते हैं।

