KC Venugopal in CG: Situation in the country akin to an undeclared emergency!
KC VENUGOPAL IN CG: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति पैदा कर दी गई है।
कांग्रेस पार्टी के जमीनी ढांचे को मजबूत करने के लिए देश भर में ‘संगठन सृजन अभियान’ को जोर देने के लिए वेणुगोपाल आज राजधानी रायपुर पहुंचे है।
उन्होंने कहा कि अब तक 9 राज्यों में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है और जल्द ही इसे शेष राज्यों में भी लागू किया जाएगा।
उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि सरकार नीट (NEET) जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में नाकाम रही है, जबकि दूसरी ओर उसका पूरा ध्यान इतिहास को बदलने पर लगा हुआ है।
उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण और उससे जुड़े मामलों पर खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जवाब देना चाहिए। भाजपा सिर्फ धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।
वेणुगोपाल ने कहा कि आज देश की जनता बेरोजगारी, महंगाई और परीक्षा घोटालों जैसे गंभीर मुद्दों से त्रस्त है, लेकिन सरकार इन समस्याओं का समाधान करने के बजाय जनता का ध्यान भटकाने में लगी हुई है।
उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस इन जनहित के मुद्दों पर अपना संघर्ष जारी रखेगी।
