KAWARDHA NEWS : Farmers put forward 9 demands before paddy procurement, submitted memorandum to the administration
कवर्धा। धान खरीदी शुरू होने से पहले किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने प्रशासन के सामने 9 प्रमुख मांगें रखी हैं। संगठन ने 30 अक्टूबर को कवर्धा कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर खरीफ फसल पंजीयन से लेकर धान खरीदी और मुआवजे तक के मुद्दे उठाए हैं।
किसान संघ ने मांग की है कि कृषक उन्नति योजना में धान के बदले बोई गई अन्य फसलों का पंजीयन कराने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 30 नवंबर की जाए। जिन किसानों का फसल सर्वे नहीं हो पाया है, उनका सर्वे जल्द पूरा कराया जाए, ताकि वे धान और गन्ना बेचने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ ले सकें।
ज्ञापन में 10 नवंबर तक फिजिकल वेरिफिकेशन और PV का काम पूरा करने की मांग भी की गई है। साथ ही किसानों का वास्तविक रकबा धान खरीदी से पहले सोसायटी मॉड्यूल में सही दर्ज करने को कहा गया है।
टोकन व्यवस्था में बदलाव की मांग
किसान संघ ने सीमांत किसानों को 2, लघु किसानों को 3 और दीर्घ किसानों को 5 टोकन देने की मांग रखी है। टोकन में दर्ज मात्रा से कम धान लाने पर बची मात्रा अगले टोकन में जोड़ने की बात भी कही गई है।
इसके अलावा अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर बीमा और आरबीसी 6/4 के तहत मुआवजा देने, गांवों की सड़कों की मरम्मत कराने और जिन किसानों की जमीन का नक्शा नहीं कटा है, उसे पोर्टल पर अपलोड कराने की मांग की गई है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इन मांगों पर क्या कदम उठाता है।
