BAFNA HOUSE CASE : Uproar over death of young woman in Jagdalpur, family members level serious allegations!
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत ने तूल पकड़ लिया है। बाफना हाउस में युवती का शव फंदे से लटका मिला था। अब परिजनों ने रेप के बाद हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, युवती 21 अक्टूबर से बाफना हाउस में काम करने जा रही थी। 2 नवंबर को वहां उसका शव मिला। गले में चुन्नी का टूटा हुआ फंदा था और शव जमीन पर पड़ा था।
परिजनों का आरोप है कि अंतिम संस्कार से पहले शव को नहलाते समय शरीर पर चोट और नोचने के निशान दिखाई दिए थे। युवती की चाची ने प्राइवेट पार्ट के पास सूजन और रुई मिलने का दावा भी किया है। परिवार को आशंका है कि युवती की हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया।
मंगलवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने युवती की तस्वीर लेकर रैली निकाली और न्याय की मांग की। आक्रोशित भीड़ बाफना हाउस पहुंची, जहां बाहर रखे गमले तोड़ दिए गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
परिजनों ने प्रतिष्ठान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज जांचने और बिना दबाव के कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि बाफना हाउस पूर्व विधायक और भाजपा नेता संतोष बाफना का है, इसलिए उन्हें मामला दबाए जाने की आशंका है।
वहीं, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।


