CHHATTISGARH : Was running a shop for years… now the High Court gave a big blow!
रायपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने भिलाई स्टील प्लांट (BSP) की जमीन पर लंबे समय से कारोबार कर रहे दुकानदारों और व्यावसायिक संस्थानों को बड़ा झटका दिया है। जस्टिस एके प्रसाद की अदालत ने इस मामले में दायर 9 याचिकाएं खारिज कर दीं।
हाईकोर्ट ने साफ कहा कि सार्वजनिक जमीन पर नियमों के खिलाफ कब्जा करने से किसी को कानूनी अधिकार नहीं मिल जाता। भले ही वहां पक्का निर्माण हो, सालों से कारोबार चल रहा हो या बिजली बिल और दूसरे शुल्क जमा किए जा रहे हों।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, BSP ने 1976 में भिलाई के खुर्सीपार इलाके में कारोबार के लिए कुछ भूखंड आवंटित किए थे। बाद में मूल आवंटियों से दूसरे लोगों ने इनका कब्जा ले लिया और वहां दुकानें व व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित होने लगे।
BSP ने इसे अवैध कब्जा मानते हुए सार्वजनिक परिसर अधिनियम, 1971 के तहत बेदखली की कार्रवाई शुरू की।
दुकानदारों की दलील थी कि वे कई सालों से कारोबार कर रहे हैं और किराया, लाइसेंस फीस, बिजली बिल व संपत्ति कर भी जमा करते आए हैं। इसलिए पुराने बेदखली आदेश लागू नहीं होने चाहिए।
लेकिन BSP ने कहा कि मूल आवंटन की शर्तों में जमीन दूसरे को सौंपने, किराए पर देने या साझेदारी में कारोबार करने की अनुमति नहीं थी।
हाईकोर्ट ने BSP की दलील स्वीकार करते हुए सभी 9 याचिकाएं खारिज कर दीं। इसी मामले में बेदखली को लेकर दायर अवमानना याचिका भी खारिज कर दी गई। अदालत को आदेश की जानबूझकर अवहेलना का सबूत नहीं मिला।


