रायपुर | छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रदेश में चार नए जिलों के गठन का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने राज्य में जिले का पुर्नगठन करते हुए मोहला-मानपुर, सक्ती, सारंगढ़/बिलाईगढ़ तथा मनेन्द्रगढ़ के गठन की घोषणा की। इसके साथ ही प्रदेश में 18 नई तहसील भी बनाई जाएगी। इस मौके पर श्री बघेल ने कहा कि नई प्रशासनिक इकाइयों का गठन विभिन्न क्षेत्रों में न्याय की खुशखबरी लेकर आता है। पहले भी हमने 4 नये अनुविभाग और 29 तहसीलें बनाई हैं। 25 तहसीलों के गठन का कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सुविधाओं को जनता के अधिक से अधिक निकट लाना हमारा प्रमुख लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री बघेल ने छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक सुविधाओं को विकसित करने सरकार बनने के आठ माह के भीतर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला बनाने की घोषणा की थी। और अब चार नए जिलों की सौगात देकर जनता के लिए प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार किया है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में जिलों की संख्या 32 हो जाएगी।
राज्य निर्माण के बाद से ही ये क्षेत्र जिला मुख्यालय से अत्यधिक दूरी की वजह से मुख्य धारा से कटे हुए थे। ये वनांचल होने के साथ ही अन्य राज्यों की सीमा पर भी स्थित हैं। इन क्षेत्रों में योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में भी प्रशासनिक रूप से दिक्कतें आ रही थी। लंबे समय से क्षेत्र की जनता जिला निर्माण की मांग भी कर रही थी। जिला बनने के बाद इन क्षेत्रों में संपर्क के साथ ही बुनियादी सुविधाएं भी बढ़ेंगी और विकास को गति मिलेगी।
वर्तमान सरकार ने जन भावनाओं और जरूरतों का ध्यान रखते हुए, प्रशासनिक कसावट लाने जिले का निर्माण की घोषणा की है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों की परेशानियां कम हो सकेंगी।
वहीं, क्षेत्र का विकास स्थानीय आवश्यकताओं, अपेक्षाओं के अनुरूप तेजी से किया जा सकेगा। इन जिलों के अस्तित्व में आने पर संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।
जिले की सौगात मिलने पर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। घोषणा के बाद लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है। वहीं, चौराहों पर आतिशबाजी और रैली निकाल कर खुशी जाहिर की है।

