GOLDY BRAR MOST WANTED : FBI takes major action against Goldy Brar
नई दिल्ली। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के प्रमुख सदस्य गोल्डी बराड़ की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने उसे मोस्ट वॉन्टेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया है। एजेंसी ने गोल्डी की गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले को 10 लाख डॉलर यानी करीब 9.26 करोड़ रुपये तक का इनाम देने की घोषणा की है।
FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ पर अमेरिका और कनाडा में सक्रिय लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के उत्तर अमेरिकी नेटवर्क का नेतृत्व करने का आरोप है। एजेंसी का दावा है कि इस नेटवर्क का संबंध हत्या, गोलीबारी, अपहरण, जबरन वसूली और ड्रग्स तस्करी जैसी गतिविधियों से रहा है।
हत्या और रंगदारी समेत कई गंभीर आरोप
अमेरिकी एजेंसी को गोल्डी की तलाश संगठित अपराध की साजिश, रंगदारी के जरिए कारोबार को प्रभावित करने और प्रतिबंधित मादक पदार्थों की तस्करी की साजिश जैसे आरोपों में है। FBI ने उसे खतरनाक और हथियारबंद बताते हुए लोगों को उससे दूर रहने की चेतावनी दी है।
कनाडा में भी पहले नंबर पर
19 नवंबर को कनाडा ने भी गोल्डी बराड़ को अपने 25 मोस्ट वॉन्टेड भगोड़ों की सूची में पहले स्थान पर रखा। कनाडा के BOLO प्रोग्राम ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर तक का इनाम घोषित किया है। विन्निपेग में 2023 में सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुखा दुनेके की हत्या के मामले में भी उसकी तलाश है।
भारत में गोल्डी सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का आरोपी है। जनवरी 2024 में केंद्र सरकार ने UAPA के तहत उसे आतंकवादी घोषित किया था। अब अमेरिका और कनाडा की कार्रवाई से उस पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ गया है।


