Election Result 2024: हरियाणा में भाजपा की जीत तो, जम्मू-कश्मीर में जीता नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन

Date:

Election Result 2024: नई दिल्ली। हरियाणा में हैट्रिक के साथ भाजपा ने जीत का एक और नया इतिहास रचा है। राज्य में 1972 के बाद पहली बार किसी दल ने सत्ता में लगातार तीसरी बार वापसी की है। वहीं, यह भाजपा की हरियाणा में अब तक की सबसे बड़ी जीत भी है। भाजपा ने 2014 में हरियाणा में 47 तो 2019 में 40 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जबकि इस बार पार्टी ने 48 सीटों पर जीत हासिल की है।

पीडीपी को लगा सबसे बड़ा झटका

जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन ने बड़ी जीत दर्ज की है। राज्य की 49 सीटें गठबंधन के खाते में गई है। हालांकि, सत्ता की इस दौड़ में पीछे रहने के बाद भी भाजपा ने राज्य में 2014 के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया है। उसने 29 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि 2014 में उसके पास 25 सीटें ही थी। सबसे बड़ा झटका महबूबा मुफ्ती की पार्टी पीडीपी को लगा है, जो सिर्फ तीन सीटें ही जीती है। 2014 में उसे 28 सीटों पर जीत मिली थी।

मुख्यमंत्री को लेकर स्थिति साफ

दोनों राज्यों के मंगलवार को आए नतीजे भले ही कई दलों के लिए चौंकाने वाले रहे है, लेकिन मुख्यमंत्री को लेकर स्थिति बिल्कुल साफ है। हरियाणा में भाजपा को मिली इस ऐतिहासिक जीत के बाद कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी का जहां फिर से मुख्यमंत्री बनना तय है, वहीं जम्मू- कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला का मुख्यमंत्री बनना तय है। यह बात अलग है कि लोकसभा चुनाव के बाद उत्साहित कांग्रेस के लिए दोनों राज्यों के चुनाव परिणाम निराशाजनक रहे है।

भाजपा-कांग्रेस के बीच जबरदस्त रहा मुकाबला

हरियाणा में भाजपा ने भले ही जीत की हैट्रिक लगाई है, लेकिन वोट प्रतिशत में कांग्रेस और उसके बीच मुकाबला काफी कड़ा रहा। सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतगणना के रुझानों से ही दोनों के बीच यह जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। अंतिम परिणामों में भाजपा को हरियाणा में जहां 39.90 प्रतिशत और कांग्रेस को 39.10 प्रतिशत वोट मिले है। वोटों के लिहाज से दोनों के बीच यह हिस्सेदारी भले मामूली रही, लेकिन सीटों में दोनों के बीच बड़ा अंतर था। भाजपा ने जहां 49 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं कांग्रेस के खाते में 37 सीटें आयी। वहीं इनेलो सिर्फ दो सीटों पर ही सिमट गई।

नेशनल कॉन्फ्रेंस को सबसे अधिक सीटें

जम्मू-कश्मीर का विधानसभा चुनाव भी कम रोचक नहीं था। मतगणना पूरी होने के बाद वोट प्रतिशत के लिहाज से भाजपा जहां राज्य की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर कर सामने आई है। उसे सबसे अधिक 25.60 प्रतिशत वोट मिले है, जबकि सीटों के लिहाज से नेशनल कॉन्फ्रेंस को सबसे अधिक 42 सीटें मिली है।

हालांकि, उसका वोट प्रतिशत भाजपा के काफी पीछे 23.47 प्रतिशत ही है। कांग्रेस को राज्य में करीब 12 प्रतिशत व पीडीपी को करीब नौ प्रतिशत ही वोट मिले है। यानी सभी दलों में भाजपा को सबसे अधिक वोट मिले है। यह बात अलग है कि राज्य में भाजपा 29 सीटों पर जीत दर्ज कर पाई।

 

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related