CHHATTISGARH : 15 officials angry with MLA Ishwar Sahu left the party!
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भाजपा के भीतर नाराजगी सामने आई है। किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने का आरोप लगाते हुए पार्टी के 15 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा दे दिया है। नाराज लोगों ने साजा विधायक ईश्वर साहू की कार्यप्रणाली पर भी असंतोष जताया है।
इस्तीफा देने वालों ने अपना पत्र भाजपा धमधा मंडल अध्यक्ष लोकेन्द्र ब्रम्हाभट को भेजा है। इनमें भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा धमधा मंडल के अध्यक्ष डॉ. हर्ष साहू और पार्टी के सक्रिय सदस्य तेजराम साहू भी शामिल हैं।
किसानों के मुद्दे पर बढ़ी नाराजगी
इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र के किसानों की समस्याओं के समाधान की उम्मीद थी, लेकिन अपेक्षित पहल नहीं होने से नाराजगी बढ़ती गई। इसी के बाद 15 लोगों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देने का फैसला किया।
इनमें डॉ. हर्ष साहू, तेजराम साहू, कमलेश जंघेल, भरत गिरी गोस्वामी, दुवासू साहू, नेतूराम साहू, भानुप्रताप साहू, लीलाराम, चेतन देवांगन, अनिल कुमार, दूजलाल, सावंत साहू और खेमगिरि गोस्वामी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल बताए जा रहे हैं।
अब संगठन के फैसले पर नजर
एक साथ 15 लोगों के इस्तीफे से धमधा क्षेत्र में भाजपा संगठन के भीतर हलचल बढ़ गई है। फिलहाल पार्टी नेतृत्व और साजा विधायक ईश्वर साहू की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है।
अब देखना होगा कि संगठन इस नाराजगी को दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है।
