CHHATTISGARH : Will the High Court take a big decision on Devendra Yadav’s election soon?
भिलाई। भिलाई विधानसभा सीट से विधायक देवेंद्र यादव के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई है। जस्टिस राकेश मोहन पांडेय ने याचिकाकर्ता प्रेम प्रकाश पांडेय और देवेंद्र यादव, दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आदेश सुरक्षित रख लिया है। हालांकि फैसले की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
दरअसल, भिलाई के पूर्व विधायक प्रेम प्रकाश पांडेय ने वर्ष 2024 में देवेंद्र यादव के निर्वाचन को चुनौती देते हुए याचिका दायर की थी। आरोप है कि विधानसभा चुनाव 2023 के नामांकन के साथ जमा शपथपत्र में संपर्क विवरण, सोशल मीडिया अकाउंट, स्वयं और पत्नी की आय, चल-अचल संपत्ति, परिवार को दिए ऋण और लंबित आपराधिक मामलों से जुड़ी जानकारी छिपाई गई या गलत दर्ज की गई।
याचिका में संपत्तियों का कम मूल्य बताने और वारंट व फरार घोषित किए जाने से संबंधित जानकारी नहीं देने का आरोप भी लगाया गया है।
हाईकोर्ट ने 21 अगस्त 2024 को मामले में पांच प्रमुख मुद्दे तय किए थे। इनमें नामांकन की वैधता, शपथपत्र में जानकारी, कथित भ्रष्ट आचरण, कानूनी प्रावधानों का पालन और याचिकाकर्ता को मिलने वाली राहत शामिल हैं।
अब सभी पक्षों की सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। देवेंद्र यादव का निर्वाचन वैध रहेगा या याचिका पर कोई अन्य आदेश आएगा, इस पर सबकी नजरें हाईकोर्ट के फैसले पर टिकी हैं।


