CG NEWS : Government on alert after illegal opium cultivation was detected… investigation started in all districts
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आने के बाद सरकार पूरी तरह अलर्ट हो गई है। दुर्ग जिले में अफीम की खेती का खुलासा होने के बाद अब पूरे प्रदेश में जांच शुरू कर दी गई है।
राजस्व विभाग ने सभी जिलों के कलेक्टरों को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं कि फार्महाउस और खेतों में उगाई जा रही फसलों की जांच कराई जाए। रायपुर और दुर्ग जिलों में इसको लेकर जांच भी शुरू कर दी गई है।
दरअसल, दुर्ग जिले के समोदा गांव में हाल ही में अवैध अफीम की खेती पकड़ी गई थी। कार्रवाई के दौरान करीब 62 हजार किलो अफीम के पौधे और फल उखाड़े गए, जिनकी कीमत लगभग 8 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। बरामद अफीम को नष्ट करने की प्रक्रिया जारी है।
इस खुलासे के बाद बलरामपुर जिले में भी दो जगहों पर अफीम की खेती के मामले सामने आने से सरकार की चिंता बढ़ गई है। आशंका जताई जा रही है कि प्रदेश के कुछ और इलाकों में भी अफीम या गांजा की अवैध खेती हो सकती है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूरे मामले की जांच के आदेश देते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा है। इसके बाद राजस्व विभाग ने सभी जिलों को अलर्ट कर दिया है।
रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने भी राजस्व अमले को जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि फार्महाउस और खेतों में उगाई जा रही फसलों की जानकारी जुटाई जा रही है।

