CHHATTISGARH : Promotion happened, joining also happened… then why did the officers return to the district?
रायपुर। छत्तीसगढ़ के खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में पोस्टिंग को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। बेमेतरा के अधिकारी आशीष यादव को प्रमोशन देकर रायपुर मुख्यालय में डिप्टी कमिश्नर बनाया गया है। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की अभिहित अधिकारी नीलम ठाकुर को डिप्टी डायरेक्टर के पद पर मुख्यालय बुलाया गया है।
दोनों अधिकारियों ने रायपुर पहुंचकर ज्वाइनिंग भी दे दी। लेकिन इसके बाद दोनों वापस अपने-अपने जिलों में लौट गए और वहीं से कामकाज संभाल रहे हैं। वजह बताई जा रही है कि जिला स्तर से उन्हें अब तक रिलीव नहीं किया गया है।
CHHATTISGARH : बलरामपुर DEO हटाए गए!
यानी कागज पर पोस्टिंग मुख्यालय में, लेकिन कामकाज अभी भी जिलों से चल रहा है। इसी को लेकर विभाग के अंदर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर दोनों अधिकारियों की वास्तविक जिम्मेदारी फिलहाल कहां है।
मामला यहीं खत्म नहीं होता। विभाग में एक फूड इंस्पेक्टर को असिस्टेंट कमिश्नर का प्रभार दिए जाने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वे पदक्रम में उनसे वरिष्ठ अभिहित अधिकारियों को निर्देश जारी कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, इसी व्यवस्था को लेकर कुछ वरिष्ठ अधिकारियों में नाराजगी है।
बताया जा रहा है कि ड्रग कंट्रोलर के अवकाश से लौटने के बाद अधिकारियों की भूमिका और पोस्टिंग को लेकर स्थिति साफ हो सकती है।
