CG WEATHER UPDATE: Effect of winter increases in Chhattisgarh, further drop in temperature in next 5 days
रायपुर। छत्तीसगढ़ में उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं की रफ्तार और वातावरण में नमी का स्तर घटने से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तापमान में गिरावट हो रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले पांच दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ 32 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 71 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित है, जो समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में द्रोणिका के रूप में उपस्थित है। इसके प्रभाव से प्रदेश में रविवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। शनिवार को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहा, जिसमें सुकमा का अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान में गिरावट
न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है। जगदलपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि अंबिकापुर में यह सामान्य से 3.3 डिग्री, दुर्ग में 3.4 डिग्री, और पेंड्रा रोड में 1.2 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं, रायपुर और बिलासपुर में यह सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया है।
अगले कुछ दिनों में और ठंड बढ़ने की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में ठंडी हवाओं का प्रभाव अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा। इसके चलते तापमान में और गिरावट होने की संभावना है, जिससे सर्दी का असर और अधिक महसूस होगा। लोगों को सलाह दी गई है कि वे ठंड से बचाव के उपाय करें और खासकर सुबह-शाम के समय गर्म कपड़े पहनें।

