CG NEWS: ₹25 lakh sanctioned for the protection and upkeep of cattle and the construction of sheds.
CG NEWS: नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे की मांग पर रायपुर जिला प्रभारी मंत्री प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन परिवहन, सहकारिता संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने रायपुर नगर पालिक निगम के जोन कमांक 9 अंतर्गत फुण्डहर गौधाम में गौवंश की सुरक्षा रखरखाव और शेड के शीघ्र निर्माण हेतु रायपुर नगर निगम के लिए तत्काल 25 लाख का स्वेच्छानुदान स्वीकृत किया है। इस पर महापौर मीनल चौबे ने रायपुर जिला प्रभारी मंत्री केदार कश्यप को रायपुर नगर पालिक निगम की ओर से हार्दिक धन्यवाद दिया है।
यहां यह उल्लेखनीय है कि विगत दिनों रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने जनप्रतिनिधि पार्षदों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में नगर निगम जोन 9 अंतर्गत फुण्डहर गौधाम क्षेत्र की व्यवस्था का वहां पहुंचकर औचक निरीक्षण किया था एवं अव्यवस्था को दूर कर गौवंश की सुरक्षा रखरखाव और आवश्यक प्रबंधन तत्काल अस्थायी रूप से करवाने के कडे निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये थे। महापौर के निर्देश पर नगर निगम जोन 9 क्षेत्र के फुण्डहर गौधाम में तत्काल अस्थायी प्रबंधन के रूप में गौवंश की सुरक्षा एवं रखरखाव हेतु गौधाम क्षेत्र में तालपत्री की व्यवस्था प्रशासनिक तौर पर की गई।
महापौर मीनल चौबे ने इस संबंध में रायपुर जिला प्रभारी मंत्री केदार कश्यप से मिलकर उनसे रायपुर नगर निगम क्षेत्र के गौधामो में गौवंश की सुरक्षा रखरखाव एवं शेड निर्माण स्थायी रूप से करने आवश्यक राशि स्वीकृत करने की मांग पत्र लिखकर की एवं उन्हें मांगपत्र दिया।
महापौर की मांग पर तत्काल रायपुर जिला प्रभारी मंत्री ने इस हेतु रायपुर नगर निगम को 25 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की है। इससे अब नगर निगम क्षेत्र में गौधामो में गौवंश की सुरक्षा रखरखाव एवं शेड निर्माण स्थायी रूप से करने नियमानुसार प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्यवाही शीघ्र की जायेगी।
