CG CRIME NEWS: The Ransom Drama Ends in Just 12 Hours!
CG CRIME NEWS: सूरजपुर जिले में महिला की किडनैपिंग और 22 लाख की फिरौती मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि महिला का अपहरण किसी बाहरी गैंग ने नहीं, बल्कि घर से जुड़े ड्राइवर ने ही अपने दो साथियों के साथ मिलकर किया था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ड्राइवर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
रिटायर्ड कॉलरी कर्मचारी पैत्रुस कुजूर अंबिकापुर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी ललिता कुजूर घर में अकेली थीं। इसी दौरान आरोपी कार बुकिंग के बहाने घर पहुंचे और महिला को अकेला पाकर उस के हाथ-पैर बांधकर उसका अपहरण कर लिया और उसे अपने साथ ले गए।
वहीं जब पैत्रुस कुजूर घर लौटे तो उनके मोबाइल पर कॉल आया, जिसमें अज्ञात व्यक्ति ने 22 लाख रुपये की फिरौती मांगी और धमकी दी कि पैसे नहीं देने पर महिला को नहीं छोड़ा जाएगा।
इस सूचना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को जानकारी दी गई।
अपहरणकर्ताओं ने महिला को करीब 12 घंटे तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उसे लगातार डराया-धमकाया गया।
पुलिस की बढ़ती दबिश और सघन तलाशी अभियान से घबराकर आरोपी महिला को देर रात करीब 3 बजे बाईपास रोड के पास छोड़कर फरार हो गए।
महिला को गंभीर हालत में बरामद कर जिला अस्पताल सूरजपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जांच के दौरान पुलिस को बड़ा सुराग मिला, जिससे पता चला कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड खुद ड्राइवर ही है। उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर रिटायरमेंट में मिले पैसों के लालच में इस घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

