CG Crime News: Furniture shop owner and his son assaulted; FIR registered.
CG CRIME NEWS: मौदहापारा थाना क्षेत्र में एल्यूमिनियम सीढ़ी की कीमत पूछने के दौरान हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना में फर्नीचर दुकान संचालक और उसके बेटे के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार, एमजी रोड स्थित गुरुनानक चौक के पास नवीन फर्नीचर के संचालक नवीन गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई है कि 26 जुलाई को दोपहर करीब 1.30 बजे उनकी दुकान पर ग्राहक शीतल कुमार सैनी एल्यूमिनियम की सीढ़ी का दाम पूछने आया। कीमत बताए जाने पर उसने दाम अधिक होने की बात कही और विवाद शुरू हो गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शीतल कुमार सैनी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे शिकायतकर्ता के पुत्र ऋषभ गुप्ता के साथ भी मारपीट की गई। शिकायत के अनुसार आरोपी ने ऋषभ के बाल पकड़कर खींचे, जिससे उसे पेट, दोनों हाथों और कोहनी में चोटें आईं। वहीं शिकायतकर्ता नवीन गुप्ता के बाएं पैर के अंगूठे और पेट में भी चोट लगने का उल्लेख एफआईआर में किया गया है।
शिकायत में दुकान के कर्मचारी मुस्कान कुर्रे तथा आयुष दानी सहित आसपास मौजूद लोगों को घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है।
मौदहापारा थाना पुलिस ने आरोपी शीतल कुमार सैनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 296, 115(2) और 351(2) के तहत अपराध क्रमांक 0120/2026 दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
