CG Politics: State moving forward in a new direction of development under BJP government – Dharamlal Kaushik
बिलासपुर: पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में राज्य का हर क्षेत्र विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। बिल्हा विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में सिंचाई, सड़क और आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। वे गुरुवार को बिलासपुर प्रेस क्लब के “हमर पहुना” कार्यक्रम में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।
कौशिक ने बताया कि 67 हजार एकड़ कृषि भूमि को सिंचित करने वाली अरपा-भैंसाझार सिंचाई परियोजना अपने अंतिम चरण में है। इसके अलावा पथरिया बैराज के लिए 55 करोड़ रुपये और दगौरी रेल लाइन के आगे सिंचाई विस्तार के लिए 70 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मनियारी परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया गया है और 132 केवी, 220 केवी व 400 केवी क्षमता के विद्युत उपकेंद्र स्थापित कर बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों पर जोर देते हुए विधायक ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में बालिकाओं की शिक्षा में बड़ा बदलाव आया है। कई स्कूलों में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक हो गई है और 10वीं-12वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। इसके अलावा, बिल्हा क्षेत्र के अंतर्गत हवाई अड्डा, उच्च न्यायालय, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) और सिरगिट्टी, तिफरा, सिलपहरी व दगौरी जैसे औद्योगिक क्षेत्रों के विकास से रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य गठन के समय की यादें साझा करते हुए कौशिक ने कहा कि राज्य के संतुलित विकास के लिए राजधानी रायपुर और उच्च न्यायालय बिलासपुर में स्थापित करने की मांग की गई थी, जिसके लिए जनप्रतिनिधियों ने दिल्ली जाकर केंद्र के समक्ष मजबूती से अपना पक्ष रखा था। अपने सफर का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि सार्वजनिक जीवन में आने से पहले उन्होंने लगभग साढ़े चौदह वर्षों तक अधिवक्ता के रूप में कार्य किया है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक का शॉल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया।
