BILASPUR CENTRAL JAIL: CBI registers murder case over inmate’s death; Supreme Court seeks an early report.
BILASPUR CENTRAL JAIL: बिलासपुर सेंट्रल जेल में विचाराधीन बंदी श्रवण सूर्यवंशी की मौत का मामला अब केंद्रीय जांच ब्यूरो के हाथों में है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीबीआई ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले की केस डायरी और न्यायिक जांच से जुड़े दस्तावेजों का अवलोकन किया है।श्रवण सूर्यवंशी को आबकारी अधिनियम के मामले में सीपत पुलिस ने गिरफ्तार किया था और वह 19 जनवरी 2024 से केंद्रीय जेल में बंद था। 21 जनवरी को तबीयत बिगड़ने पर उसे सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां अगले दिन उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने पुलिस हिरासत में मारपीट का आरोप लगाया था। मृतक के पिता का दावा है कि श्रवण को हिरासत में करीब 36 घंटे तक बेरहमी से पीटा गया।मामले की न्यायिक जांच में सामने आया कि श्रवण के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद कार्डियो-रेस्पिरेटरी अरेस्ट से उसकी मौत हुई। मेडिकल और फोरेंसिक रिपोर्ट में किसी रासायनिक जहर की पुष्टि नहीं हुई। जांच रिपोर्ट में सिर की चोट किसी कठोर और भोथरी वस्तु से लगने की संभावना जताई गई थी।
इन्हीं तथ्यों और इलाज से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया था।परिजनों ने मामले में दोषियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर पहले हाईकोर्ट और बाद में सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।
सुप्रीम कोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपते हुए 13 अक्टूबर से पहले जांच रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। अब सीबीआई केस डायरी, न्यायिक जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ भी की जा सकती है।
