CG CRIME: Deranged lover’s rampage—vandalized 24 cars!
CG CRIME: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक नाबालिग अपनी प्रेमिका से मुलाकात नहीं होने की बात से नाराज होकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर गांवों में खड़ी 24 से अधिक कारों के शीशे तोड़कर चोरी कर दी।
पुलिस ने इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इस मामले में 2 नाबालिगों समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार जैजैपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला नाबालिग लड़का 10-11 मई की रात अपने दोस्तों के साथ अपनी नाबालिग प्रेमिका से मिलने पहुंचा था।
लेकिन किसी कारणवश दोनों की मुलाकात नहीं हो सकी। इससे नाराज होकर वह तैश में आ गया और अपने साथियों के साथ मालखरौदा एवं जैजैपुर क्षेत्र के कई गांवों में सड़क किनारे खड़ी कारों को निशाना बनाया।
आरोपियों ने 24 से ज्यादा कारों के शीशे तोड़ दिए और वाहनों में रखी नकदी, इलेक्ट्रॉनिक वायर, जैक-पाना और स्टेपनी टायर चोरी कर लिए। चोरी गई नकदी की रकम करीब 47 हजार रुपये बताई जा रही है।
सक्ती पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित करते हुए 25 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और करीब 4000 मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) का विश्लेषण किया।
जांच के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी गुलशन बरेठ के दिल्ली भागने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हर्ष सिदार उर्फ बिट्टू, गुलशन बरेठ और दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी गुलशन बरेठ दिल्ली का रहने वाला है। उसके खिलाफ पहले भी रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में मारपीट का मामला दर्ज है।पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। उनके कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया गया है।
सक्ती पुलिस ने इस कार्रवाई के साथ चोरी और तोड़फोड़ से जुड़े कुल 11 मामलों का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हर्ष सिदार उर्फ बिट्टू और गुलशन बरेठ को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि दोनों नाबालिग आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
