CG Congress: Congress marches to Delhi—high-level meeting and a major protest!
CG CONGRESS: दिल्ली में आयोजित होने वाले एक बड़े विरोध प्रदर्शन और अहम बैठक में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस के तमाम विधायक, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं।
दिल्ली पहुंचने के बाद कल यानी सोमवार को कांग्रेस की एक बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आगे के आंदोलन और विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा तय की जाएगी।
कांग्रेस विधायक दिल्ली में इंडी गठबंधन के राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन और मार्च में शामिल होंगे। जंतर-मंतर पर लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए Gen Z (युवा) और विभिन्न संगठन भी प्रदर्शन कर रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में जोरदार प्रदर्शन करते हुए पैदल मार्च निकालेगी।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि देश में जहां भी शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया जा रहा है, वहां सरकार और प्रशासन द्वारा बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया जा रहा है, जिसकी जितनी निंदा की जाए उतनी कम है।
कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा हमेशा से कथित तौर पर वोट चोरी के जरिए सरकार बनाते आई है। मुख्य चुनाव आयोग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिलकर भाजपा को सीधा फायदा पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
जानकारी मिली है कि कल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के विरोध में बड़े प्रदर्शन की रणनीति को लेकर बैठक लेंगे।
