CG BATTERY RULES: Buying and selling batteries without registration is illegal; inspections to be conducted across the state.
CG BATTERY RULES: छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने पुरानी और इस्तेमाल की जा चुकी बैटरियों के स्क्रैप कारोबार को लेकर चेतावनी देते हुए कहा है कि बिना वैध शासकीय पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) और जरूरी लीगल दस्तावेजों के पुरानी बैटरियों की खरीद-बिक्री करना, उन्हें कहीं इकट्ठा करना (भंडारण) या फिर उनका कमर्शियल परिवहन करना कानूनन अपराध माना जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश के कई क्षेत्रों में कबाड़ और इस्तेमाल की गई बैटरियों का कारोबार निर्धारित नियमों और पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी करते हुए संचालित किया जा रहा है।
ऐसी गतिविधियों से पर्यावरण प्रदूषण बढ़ने के साथ-साथ आम लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं।
मंडल जल्द ही राज्यभर में विशेष जांच अभियान शुरू करने जा रहा है। इस दौरान स्क्रैप डीलरों, कबाड़ कारोबारियों, ट्रांसपोर्टरों और बैटरी व्यापार से जुड़े लोगों की जांच की जाएगी।
गंभीर गड़बड़ी मिलने पर केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
पर्यावरण मंडल ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं पुरानी बैटरियों का अवैध कारोबार, भंडारण या परिवहन होता दिखे तो इसकी जानकारी संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय या मंडल को दें।

