BRICS Summit: President Putin arrives in India! Tight security arrangements.
BRICS SUMMITT: राजधानी दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिल्ली पहुंच चुके हैं।
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर पोस्ट किया कि कि 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का हार्दिक स्वागत है।
राजधानी दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा कारणों के चलते 11 सितंबर से 13 सितंबर तक नई दिल्ली जिला पूरी तरह सील रहेगा। इस दौरान केवल उन्हीं लोगों को प्रवेश की अनुमति होगी, जिनके वहां स्थायी आवास या अधिकृत कार्य हैं।
सम्मेलन की सुरक्षा का जिम्मा 17 हजार से अधिक सुरक्षा कर्मियों को सौंपा गया है, जिसमें 15 हजार पुलिसकर्मी और दो हजार से अधिक अर्धसैनिक बल शामिल हैं।
मुख्य आयोजन स्थल भारत मंडपम, विभिन्न होटलों और एयरपोर्ट पर सुरक्षा के कड़े पहरे के तहत हर वेन्यू पर डीसीपी स्तर के अधिकारियों को तैनात किया गया है।
ब्रिक्स समिट के मद्देनजर दिल्ली-हरियाणा और दिल्ली-उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले प्रमुख बार्डर पर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।
पश्चिमी, बाहरी, पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के प्रवेश मार्गों पर थाना पुलिस और यातायात पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है। कई जगह बैरिकेड लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है, जबकि प्रमुख एंट्री प्वाइंट पर विशेष नाकाबंदी की तैयारी है।
सिंघु और औचंदी बार्डर पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। टीकरी बार्डर पर भी वाहनों और सवारों की जांच जारी है।
पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर, चिल्ला, अप्सरा और भोपुरा बार्डर पर भी पुलिस तैनात है। बदरपुर और कालिंदी कुंज में फिलहाल सामान्य आवाजाही रही, लेकिन गुरुवार रात से प्रमुख प्रवेश मार्गों पर विशेष नाकाबंदी प्रस्तावित है।
