BILASPUR PRESS CLUB: MoU signed between the Press Club and Apollo Hospital; journalists and their families to receive better healthcare facilities!
BILASPUR PRESS CLUB: बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने पत्रकारों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को लेकर एक बड़ी और ऐतिहासिक पहल की है। लंबे समय से पत्रकारों के लिए बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा की जरूरत महसूस की जा रही थी, जिसे अब अमलीजामा पहना दिया गया है। इसी कड़ी में बिलासपुर प्रेस क्लब और प्रतिष्ठित अपोलो हॉस्पिटल के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू (समझौता ज्ञापन) साइन हुआ है।
इस समझौते के तहत अब प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों और उनके परिजनों को अपोलो हॉस्पिटल में रियायती दरों पर उच्च स्तरीय चिकित्सीय और स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। सीमित आर्थिक संसाधनों और मध्यमवर्गीय पृष्ठभूमि से आने वाले पत्रकारों के लिए यह व्यवस्था एक बड़ी राहत साबित होगी, जिन्हें पूर्व में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता था।
जल्द लगेगा मेगा हेल्थ कैंप
इस एमओयू के बाद प्रेस क्लब प्रबंधन अब जल्द ही पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए एक मेगा हेल्थ कैंप आयोजित करने जा रहा है। अपोलो प्रबंधन के सहयोग से लगने वाले इस शिविर में पत्रकारों व उनके आश्रितों की स्वास्थ्य जांच और देश के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कॉर्पोरेट हेल्थ इंश्योरेंस की तैयारी अंतिम चरण में
पत्रकारों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए बिलासपुर प्रेस क्लब कॉर्पोरेट हेल्थ इंश्योरेंस योजना पर भी तेजी से काम कर रहा है। बीमा कंपनियों के साथ इस संबंध में बातचीत अंतिम चरण में है। इस प्रस्तावित योजना में पत्रकारों के साथ उनके परिजनों को भी शामिल किए जाने का प्रावधान है, जिससे अचानक आने वाले बड़े चिकित्सा खर्चों से सुरक्षा मिल सकेगी।
एमओयू के दौरान मौजूद रहे प्रमुख प्रतिनिधि
अपोलो के एचआर डिपार्टमेंट में संपन्न हुई इस महत्वपूर्ण बैठक और एमओयू के दौरान बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, पूर्व अध्यक्ष तिलक राज सलूजा, वरिष्ठ पत्रकार शादाब खान और सैय्यद जफर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रेस क्लब की यह संस्थागत पहल अध्यक्ष अजीत मिश्रा के कार्यकाल की एक बड़ी और उल्लेखनीय उपलब्धि मानी जा रही है, जिसने पत्रकार कल्याण के क्षेत्र में एक नया मॉडल पेश किया है।
