CHHATTISGARH : Notice to 259 Patwaris, pressure on administration increases due to strike!
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल के बीच प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। बिलासपुर जिले के 259 पटवारियों को तत्काल काम पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। बिलासपुर, बिल्हा, मस्तूरी, तखतपुर और कोटा के एसडीएम ने संबंधित पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
नोटिस में पटवारियों को तत्काल ड्यूटी पर उपस्थित होकर कार्यभार संभालने और उसी दिन तहसीलदार के माध्यम से व्यक्तिगत लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन के मुताबिक, पटवारी 13 अक्टूबर से बिना अनुमति या स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित हैं। इससे डिजिटल क्रॉप सर्वे, फसल का भौतिक सत्यापन, एग्रीस्टैक और आगामी धान खरीदी के लिए किसानों के रिकॉर्ड का सत्यापन प्रभावित हो रहा है। आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र, नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे राजस्व कार्य भी अटके हुए हैं।
चक्रवाती तूफान से प्रभावित फसलों का सर्वे और किसानों को राहत देने की प्रक्रिया पर भी असर पड़ने की बात नोटिस में कही गई है। प्रशासन ने अनुपस्थिति के लिए अनुशासनात्मक कार्रवाई, वेतन कटौती और सेवा में व्यवधान जैसे मामलों पर भी जवाब मांगा है।
वहीं पटवारी संघ नए पीवी ऐप की तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतों का विरोध कर रहा है। संघ की मांग है कि ऐप में सुधार किया जाए या इसे बंद किया जाए। इसके अलावा नोटिस, तबादले और निलंबन जैसी कार्रवाइयां वापस लेने, वेतन विसंगति दूर करने, लंबित पदोन्नति और भुइयां पोर्टल में मैनुअल फसल प्रविष्टि का विकल्प देने की मांग भी शामिल है।
