CG CORRUPTION ISSUE : Chhattisgarh’s digital failure in Bharat Net 2.0”, MP Chaudhary’s big allegation in Lok Sabha
महासमुंद। लोकसभा के शीतकालीन सत्र में छत्तीसगढ़ से भाजपा सांसद रूप कुमारी चौधरी ने भारत नेट 2.0 परियोजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। ग्रामीण भारत को हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़ने वाली इस मेगा डिजिटल परियोजना पर छत्तीसगढ़ में किए गए कार्यों को सांसद ने “सुनियोजित भ्रष्टाचार” बताया।
भारत नेट 2.0 के तहत देशभर में अब तक 39,825 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। 1.39 लाख करोड़ का संशोधित बजट भी प्रस्तावित है। फाइबर बिछाने की 42 लाख रूट किमी की बड़ी उपलब्धि के बावजूद सांसद के मुताबिक छत्तीसगढ़ में स्थिति बेहद खराब है फाइबर अधबिछा, उपकरण निष्क्रिय, खुदाई अधूरी और कई पंचायतें अब भी इंटरनेट से वंचित।
सांसद चौधरी ने आरोप लगाया कि राज्य को जारी 2.715 करोड़ में से लगभग पूरा खर्च दिखा दिया गया, लेकिन जमीनी स्तर पर काम अधूरा या गायब है। कई पंचायतों में फाइबर खुले में पड़ा है, डिजिटल क्लासरूम और पंचायत भवन महीनों से इंटरनेट के बिना बंद हैं, स्वास्थ्य केंद्रों की डिजिटल सेवाएं ठप हैं।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय हुआ संगठित भ्रष्टाचार है। ठेकेदारों को मानकों की अनदेखी के बावजूद भुगतान किया गया। सांसद ने सदन में मांग रखी कि सभी ठेकेदारों की सूची सार्वजनिक की जाए, स्वतंत्र तकनीकी-वित्तीय ऑडिट कराया जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
सांसद चौधरी के अनुसार, इस भ्रष्टाचार का सीधा नुकसान ग्रामीण जनता को हुआ है—छात्राएं ऑनलाइन शिक्षा से वंचित, किसानों की डिजिटल सेवाएं प्रभावित, महिला प्रशिक्षण कार्यक्रम रुके और पंचायत कार्य ठप पड़े हैं।
सदन में उनके तथ्यपूर्ण और तीखे हस्तक्षेप ने इस राष्ट्रीय परियोजना की निगरानी और जवाबदेही पर नई बहस छेड़ दी है।

