BASTAR FARMER PROTEST: Farmers protest in Bastar; lay siege to the Collectorate!
BASTAR FARMER PROTEST: छत्तीसगढ़ के बस्तर में बाढ़ से बर्बाद हुई फसलों और कर्ज के बोझ को लेकर किसानों ने भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में करीब 20 ट्रैक्टरों के साथ मां दंतेश्वरी मंदिर से रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर घेराव किया।
किसानों की मांग है कि बाढ़ प्रभावित किसानों का बैंक, सहकारी समिति और किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) सहित सभी तरह का कृषि ऋण माफ किया जाए। इसके साथ ही फसल नुकसान का उचित मुआवजा भी दिया जाए।
किसानों का कहना है कि जब फसल से आमदनी ही नहीं हुई, तो वे कर्ज कैसे चुकाएंगे ? भारतीय किसान संघ ने अपनी 16 सूत्रीय मांगों को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपने की बात कही है।
किसानों ने प्रशासन से गांव-गांव जाकर फसल नुकसान का सर्वे कराने की मांग भी की है, ताकि नुकसान का वास्तविक आकलन हो सके।
किसान संघ ने बाढ़ से प्रभावित किसानों को प्रति एकड़ 65,100 रुपये मुआवजा देने की मांग रखी है। इसके अलावा फसल बीमा कराने वाले किसानों को बीमा राशि का भुगतान करने की मांग भी उठाई गई है।
अब सवाल यह है कि बाढ़ से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए सरकार कर्ज माफी और मुआवजे पर क्या कदम उठाती है।
