CG VIRAL VIDEO : Packing in filth, license suspended
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में पोहा फैक्ट्री का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। भाटापारा क्षेत्र स्थित अविनाश इंडस्ट्रीज का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के उल्लंघन के चलते की गई है।
कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने निरीक्षण अभियान चलाया था। वायरल वीडियो में ‘युवराज पोहा’ नाम से तैयार उत्पाद की पैकिंग गंदगी के बीच करते हुए दिखाया गया। कर्मचारियों को खुले पोहे के ढेर पर बैठे हुए पैकिंग करते देखा गया। न तो मास्क, न ग्लव्स और न ही हेयर कैप का इस्तेमाल किया जा रहा था। पैकिंग स्थल भी अस्वच्छ पाया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने फैक्ट्री से पोहा के नमूने लिए और उन्हें परीक्षण के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा है। खाद्य अधिकारी अक्षय कुमार सोनी ने बताया कि कंपनी को सुधारात्मक नोटिस जारी किया गया है।
टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। रिपोर्ट संतोषजनक होने और आवश्यक सुधार पूरे करने के बाद ही लाइसेंस बहाल कर यूनिट संचालन की अनुमति दी जाएगी।

