ANKIT BALIYAN SHOT DEAD: Haryanvi singer Ankit Baliyan shot dead.
ANKIT BALIYAN SHOT DEAD: उत्तरप्रदेश के शामली में बुधवार शाम 32 वर्षीय यूट्यूबर और हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले से घात लगाए बैठे चार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
हमलावरों ने करीब 18 राउंड फायरिंग की। अंकित को सिर और पेट समेत शरीर के अलग-अलग हिस्सों में पांच गोलियां लगीं। गंभीर हालत में पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना बुधवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक अंकित जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी वहां पहले से मौजूद चार हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया।
लोगों ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। मृतक की मां भी बेटे की लाश को गोद में लेकर सड़क पर बैठ गईं। इस दृश्य से मौके पर माहौल बेहद भावुक और तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
