AMBIKAPUR ACCIDENT: Rope gets caught around neck near Navratri pandal; death in hospital!
AMBIKAPUR ACCIDENT: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में नवरात्रि पंडाल के पास बैरिकेडिंग के लिए सड़क पर बांधी गई रस्सी अंधेरे में दिखाई नहीं देने से बाइक सवार युवक फैजान की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के मुताबिक, पंडाल के पास बाइक से गुजरते समय रस्सी फैजान के गले में फंस गई। हादसे में घायल दोनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां फैजान की मौत हो गई। उसके साथी का इलाज जारी है। हादसे के दौरान करंट लगने का आरोप भी सामने आया है।
घटना के बाद फैजान के परिजन कोतवाली थाने पहुंचे और दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि सड़क पर बिना सुरक्षा इंतजाम के रस्सी बांधने से हादसा हुआ।
युवक की मौत से नाराज मुस्लिम समाज के लोगों ने कोतवाली थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की। तनाव को देखते हुए पुलिस ने पंडाल में चल रहा जगराता कार्यक्रम बंद करा दिया और मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया।
पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सड़क पर रस्सी बांधने और करंट लगने के आरोपों की जांच की जा रही है।
