AIR INDIA FLIGHT : The plane was in the air, then it had to return to Bangkok!
रायपुर, 22 अक्टूबर 2026। बैंकॉक से मुंबई आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2338 को एक यात्री के कथित हंगामे के कारण वापस लौटना पड़ा। विमान ने बुधवार रात 8:20 बजे बैंकॉक के सुवर्णभूमि एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी, लेकिन यात्री के अजीब व्यवहार के चलते पायलट ने विमान को वापस ले जाने का फैसला किया।
दो घंटे बाद बैंकॉक में उतरा विमान
विमान में मौजूद एक यात्री के मुताबिक, एक भारतीय यात्री अजीब तरीके से पेश आ रहा था और हंगामा कर रहा था। हालात को देखते हुए पायलट ने घोषणा की कि विमान को बैंकॉक वापस ले जाया जा रहा है। फ्लाइट रात 10:40 बजे बैंकॉक एयरपोर्ट पर उतरी।
विमान के उतरने के बाद मेडिकल टीम पहुंची और संबंधित यात्री को अपने साथ ले गई। हालांकि, यात्री के व्यवहार की वजह और उसकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
45 मिनट बाद फिर भरी उड़ान
जानकारी के अनुसार, बैंकॉक में उतरने के करीब 45 मिनट बाद विमान ने मुंबई के लिए दोबारा उड़ान भरी। घटना पर एअर इंडिया की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
हंगामा करने पर क्या हो सकती है कार्रवाई?
विमान में अनुशासन बिगाड़ने, क्रू के निर्देशों की अनदेखी करने या सुरक्षा में बाधा डालने पर यात्री के खिलाफ परिस्थितियों के अनुसार कानूनी कार्रवाई हो सकती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टोक्यो कन्वेंशन विमान के भीतर होने वाले कुछ अपराधों और अनुशासनहीनता से जुड़े अधिकारों और जिम्मेदारियों का ढांचा तय करता है।
फिलहाल इस मामले में यात्री के व्यवहार की वजह और संभावित कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
