Uttarakhand Assembly Elections: बीजेपी ने जारी की 59 उम्मीदवारों की पहली सूची, मुख्यमंत्री इस सीट से लड़ेंगे चुनाव

Date:

नई दिल्ली। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 59 उम्मीदवारों की पहली सूची गुरुवार को जारी कर दी। जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खटीमा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक हरिद्वार से चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने यहां उत्तराखंड के उम्मीदवारों के नामों का एलान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव समिति की बुधवार को हुई बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बनी है।

महत्वपूर्ण नामों में ऋषिकेश सीट से उत्तराखंड विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम चंद्र अग्रवाल, चौबट्टाखाल से कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मसूरी से कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, श्रीनगर से मंत्री धन सिंह रावत, सितारगंज से राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के पुत्र सौरभ बहुगुणा, कालाढूंगी से भाजपा उत्तराखंड इकाई के पूर्व अध्यक्ष बंसीधर भगत और चकराता से बॉलीवुड के मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल को उम्मीदवार बनाया है।

फिलहाल 11 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा अभी नहीं की गई है, जिसमें डोईवाला सीट भी शामिल है। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत विधायक हैं और उन्होंने एक दिन पहले ही चुनाव नहीं लड़ने की अपनी इच्छा से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत करा दिया था।

भाजपा ने 10 सीटों पर मौजूदा विधायकों का टिकट काटा है, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री भुवनचंद्र खंडूरी की पुत्री और यमकेश्वर से विधायक ऋतु खंडूरी शामिल हैं। पार्टी ने उनका टिकट काटकर रेणु बिष्ट को मौका दिया है।

भाजपा ने उम्मीदवारों के चयन में जातीय समीकरण का ध्यान रखा है। पहली सूची में 22 राजपूत, 15 ब्राह्मण, 13 अनूसूचित जाति, तीन वैश्य और एक अनूसूचित जन जाति समुदाय से उम्मीदवार घोषित किए हैं। उनसठ उम्मीदवारों में से छह महिला प्रत्याशी हैं। इसके अलावा चार आध्यत्मिक गुरु भी भाजपा की इस सूची में शामिल हैं।

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img
spot_imgspot_img

#Crime Updates

More like this
Related