RAHUL GANDHI DELIMITATION : Rahul said – 850 seats are a threat to democracy!
नई दिल्ली। परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर संसद के विशेष सत्र से पहले राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने के बहाने देश का चुनावी नक्शा अपने फायदे के हिसाब से बदलना चाहती है।
राहुल ने सवाल उठाया कि जब महिला आरक्षण बिल 2023 में ही पास हो चुका है, तो सीटें बढ़ाकर 850 करने की जरूरत क्या है? उन्होंने कहा कि यह कदम लोकतंत्र को कमजोर कर सकता है और विपक्ष के प्रभाव वाले क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व बदलने की कोशिश हो सकती है।
राहुल गांधी ने परिसीमन आयोग की प्रस्तावित व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग की नियुक्तियों में केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की भूमिका से निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। असम और जम्मू-कश्मीर के परिसीमन का उदाहरण देते हुए उन्होंने भाजपा पर चुनावी सीमाओं में बदलाव के जरिए राजनीतिक फायदा लेने का आरोप लगाया।
राहुल ने दावा किया कि Gen-Z भी वोट चोरी के मुद्दे को लेकर उनके साथ है। उन्होंने कहा कि वे भाजपा से डरते नहीं हैं और संविधान की रक्षा के लिए आवाज उठाते रहेंगे।
कांग्रेस की मांग है कि परिसीमन 2027 की जनगणना के आधार पर हो, जाति जनगणना कराई जाए और फिलहाल लोकसभा की 543 सीटें ही रखी जाएं।
30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा में परिसीमन व महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होनी है। ऐसे में संसद में टकराव के आसार बढ़ गए हैं।


