CG COACHING RULES : Fees refunded on leaving coaching, government bringing new rule!
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोचिंग संस्थानों की मनमानी पर लगाम लगाने की तैयारी है। सरकार नया कानून लाने जा रही है, जिसके तहत पढ़ाई बीच में छोड़ने वाले विद्यार्थियों को बची हुई अवधि की फीस वापस करनी होगी। यानी पूरे कोर्स की फीस जमा करने के बाद छात्र अगर बीच में पढ़ाई छोड़ता है, तो संस्थान बाकी समय की फीस नहीं रोक सकेगा।
उदाहरण के तौर पर, एक साल के कोर्स के लिए 60 हजार रुपये जमा करने वाला विद्यार्थी चार महीने बाद पढ़ाई छोड़ देता है, तो बाकी आठ महीने के 40 हजार रुपये उसे वापस मिलेंगे।
प्रस्तावित कानून का मकसद छात्रों से मनमानी फीस वसूली, अधूरी जानकारी और असुरक्षित माहौल जैसी शिकायतों पर रोक लगाना है। नामांकन से पहले संस्थानों को फीस और पाठ्यक्रम की पूरी जानकारी देना अनिवार्य होगा।
नए नियम के दायरे में मेडिकल, इंजीनियरिंग, लोक सेवा आयोग, बैंकिंग समेत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले कोचिंग सेंटर आएंगे। 20 या उससे अधिक विद्यार्थियों वाले संस्थानों को पंजीकरण कराना होगा।
विद्यार्थियों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य के लिए परामर्श व्यवस्था, शिकायत सुनने का अलग तंत्र और दिन-रात हेल्पलाइन भी प्रस्तावित है। निगरानी के लिए राज्य स्तर पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में प्राधिकरण और जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति बनेगी।
नियमों का उल्लंघन करने पर 10 हजार से 5 लाख रुपये तक जुर्माना और पंजीकरण रद्द करने की कार्रवाई हो सकती है।


