CONGRESS WHIP : Congress summons MPs to Delhi, directs them to reach by November 29
रायपुर। संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस ने अपने सांसदों को अलर्ट कर दिया है। पार्टी ने छत्तीसगढ़ समेत देशभर के सांसदों के लिए व्हिप जारी करते हुए 29 नवंबर तक दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत ने छत्तीसगढ़ के सभी सांसदों को भी अनिवार्य रूप से दिल्ली पहुंचने कहा है।
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि दोनों सदनों में जरूरी सरकारी कामकाज किया जाएगा और जरूरत के मुताबिक कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है।
इस विशेष सत्र को लेकर परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पर भी सियासी चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि केंद्र सरकार इन मुद्दों से जुड़े विधायी प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की नई कोशिश कर सकती है।
कांग्रेस ने भी अपनी रणनीति तैयार करना शुरू कर दिया है। 27 नवंबर को शाम 4:30 बजे दिल्ली में कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक होगी। बैठक की अध्यक्षता सोनिया गांधी करेंगी।
गौरतलब है कि मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुआ था, लेकिन औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया था। अब संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू होने जा रही है।


