CG CYBER FRAUD : Call came posing as CM’s PA, then Rs 87 thousand were withdrawn from the account!
राजनांदगांव। साइबर ठग अब लोगों को भरोसे में लेने के लिए बड़े नेताओं और उनके करीबियों के नाम का सहारा ले रहे हैं। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक ठग ने खुद को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय का पीए बताकर ग्रामीण से 87 हजार रुपये ठग लिए।
मामला ग्राम भर्रेगांव के विजय कुमार टंडन से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, उनके मोबाइल पर एक अनजान व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को मुख्यमंत्री थलपति विजय का निजी सहायक बताया और निवेश की एक योजना का झांसा दिया। उसने दावा किया कि योजना में पैसा लगाने पर निवेश की गई रकम छह गुना होकर वापस मिलेगी।
बड़ी रकम मिलने के लालच में विजय कुमार उसकी बातों में आ गए। उन्होंने आरोपी के बताए तरीके से कुल 87 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन पैसे मिलते ही आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। पीड़ित ने संपर्क करने की कोशिश की, तब उन्हें ठगी का पता चला।
डीएसपी ने दी मामले की जानकारी
राजनांदगांव के डीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी ने मुख्यमंत्री का पीए बनकर छह गुना रकम लौटाने का लालच दिया था। इसी झांसे में पीड़ित ने 87 हजार रुपये भेज दिए।
यह घटना बताती है कि साइबर ठग अब पहचान और पद का इस्तेमाल कर लोगों का भरोसा जीत रहे हैं। अनजान व्यक्ति के रकम कई गुना करने के दावे पर भरोसा न करें। ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।


