PM MODI SCO FORUM : Pakistan’s minister arrives in India, Modi gives a big message!
नई दिल्ली। दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और तनाव के बीच भारत ने शांति और संवाद का संदेश दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम दिल्ली के पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब दुनिया में युद्ध और अशांति की चर्चा हो रही है, तब भारत सभ्यताओं के बीच संवाद को बढ़ावा दे रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि वैश्विक शांति के लिए सांस्कृतिक जुड़ाव और आपसी सहयोग बेहद जरूरी है। अलग-अलग सभ्यताओं के बीच बातचीत से एक-दूसरे की परंपराओं और विचारों को समझने का मौका मिलता है। इससे देशों के बीच विश्वास और सहयोग भी मजबूत हो सकता है।
उन्होंने भारत के गणितज्ञ ब्रह्मगुप्त के विचारों और सूफी परंपरा से विकसित कव्वाली का उदाहरण देते हुए कहा कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान सदियों से देशों को जोड़ता आया है। डिजिटल माध्यमों ने अब इस जुड़ाव को और आसान बना दिया है। SCO देशों को इन संभावनाओं का फायदा उठाना चाहिए।
पाकिस्तान की मौजूदगी ने बढ़ाया आयोजन का महत्व
20 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस फोरम में पाकिस्तान समेत कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान के किसी मंत्री का भारत दौरा हुआ है। पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने उम्मीद जताई कि इस आयोजन से भारत-पाकिस्तान समेत सभी देशों के रिश्तों में सुधार आएगा।
पुराना किला में भारत की सभ्यतागत विरासत और संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं। इस मंच के जरिए भारत ने साफ संदेश दिया कि वैश्विक तनाव के दौर में बातचीत और सांस्कृतिक सहयोग की भूमिका अहम है।


