RELIANCE INDUSTRIES : Ambani’s company makes huge profits, profits jump 34%
नई दिल्ली। मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का ऑपरेशन्स से रेवेन्यू सालाना आधार पर 28 प्रतिशत बढ़कर 3.62 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, कंपनी का शुद्ध मुनाफा 34 प्रतिशत की छलांग लगाकर 29,550 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह 22,092 करोड़ रुपये था।
कंपनी की कमाई में इस तेजी के पीछे सबसे बड़ी भूमिका ऑयल-टू-केमिकल्स (O2C) कारोबार की रही। इस सेगमेंट का रेवेन्यू 44 प्रतिशत बढ़कर 2.32 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। ऊंची क्रूड ऑयल और ईंधन कीमतों से कंपनी को फायदा मिला। O2C कारोबार का EBITDA भी 68 प्रतिशत बढ़कर 25,203 करोड़ रुपये हो गया।
जियो और डिजिटल कारोबार में भी बढ़त
रिलायंस जियो प्लेटफॉर्म्स का मुनाफा 14 प्रतिशत बढ़कर 7,379 करोड़ रुपये रहा। वहीं, डिजिटल सर्विसेज का रेवेन्यू 11.16 प्रतिशत बढ़कर 48,486 करोड़ रुपये पहुंच गया। रिटेल कारोबार में भी मामूली बढ़त दर्ज की गई।
हालांकि, शानदार नतीजों के बावजूद रिलायंस के शेयर में कमजोरी बनी हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक कंपनी का शेयर करीब 26 प्रतिशत गिर चुका है। कंपनी का बाजार पूंजीकरण 15.74 लाख करोड़ रुपये बताया गया है।
अब बाजार की नजर इस बात पर रहेगी कि मजबूत तिमाही नतीजों के बाद रिलायंस के शेयर में तेजी लौटती है या नहीं।
