UP POLITICS: Amit Shah throws a challenge to Rahul Gandhi and Akhilesh Yadav!
UP POLITICS: भारतीय जनता पार्टी के थिंक टैंक माने जाने वाले अमित शाह की देखरेख में उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में अपने अभियान को धार देने के लिए भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी कवायद तेज कर दी है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे और उत्तर प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति की बैठक का शुभारंभ किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद थे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को संसद में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर चर्चा करने की चुनौती दी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) इस मुद्दे पर बहस के लिए तैयार है और उसके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है।
लखनऊ में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, “राहुल बाबा, मैं आपको और अखिलेश यादव को यहीं और अभी चुनौती देता हूं कि भारतीय जनता पार्टी संसद में इस मुद्दे (मुख्य चुनाव आयुक्त और एसआईआर विवाद) पर चर्चा करने के लिए पूरी तरह तैयार है. हमारे पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है।
“आइए, संसद का विशेष सत्र बुलाते हैं, लेकिन उनकी संसद में बोलने की कोई मंशा नहीं है। वे संसद को चलने नहीं देते, बल्कि हंगामा करते हैं।
इसके अलावा, अमित शाह ने राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अन्य नेताओं पर चुनावी हार स्वीकार करने के बजाय वोट चोरी के आरोप लगाने का आरोप लगाया।
इसके लिए उन्होंने कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बीजेपी की हालिया चुनावी जीत का ज़िक्र किया।
उन्होंने कहा, “हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने सबसे ज़्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाई। महाराष्ट्र में एनडीए ने सबसे ज़्यादा सीटों के साथ सरकार बनाई। बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री बना. दिल्ली में बीजेपी ने तीन दशक बाद सरकार बनाई।


