CHHATTISGARH ACCIDENT : Two major accidents, death of 7 people creates panic
कोंडागांव/मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। कोंडागांव जिले के फरसगांव में बोलेरो पेड़ से टकरा गई, जिसमें आर्मी जवान सुंदरलाल नेताम की मौके पर मौत हो गई। वहीं, एक अन्य जवान समेत छह लोग घायल हुए। दूसरी ओर, मनेंद्रगढ़ जिले में यात्री बस के पेड़ से टकराने से छह लोगों की जान चली गई और 37 से ज्यादा यात्री घायल हो गए।
फरसगांव में बोलेरो हादसा
जानकारी के मुताबिक, बोलेरो में सवार सात लोग पांडेआठगांव में कार्यक्रम देखने जा रहे थे। इसी दौरान गट्टीपलना मोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। हादसे में ग्राम पल्ली निवासी आर्मी जवान सुंदरलाल नेताम की मौत हो गई। जवान मनीष नेताम गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि पांच अन्य लोगों को भी चोटें आईं।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दो घायलों की हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
मनेंद्रगढ़ में बस ने ली छह की जान
23 अक्टूबर को मनेंद्रगढ़ जिले के केल्हारी थाना क्षेत्र में भी बड़ा हादसा हुआ। मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्री बस सेमरमथानी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे।
हादसे में तीन पुरुष, दो महिलाएं और एक लड़की समेत छह लोगों की मौत हो गई। 37 से ज्यादा यात्री घायल हुए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
दोनों हादसों के बाद पुलिस जांच में जुटी है।
