CG BREAKING : Five people drowned in the Red River, two died.
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रेड नदी में नहाने गए पांच लोग डूब गए। हादसे में अब तक दो युवकों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि दो युवक और एक नाबालिग अभी लापता हैं। घटना विश्रामपुर थाना क्षेत्र के रेड नदी घाट की है।
जानकारी के मुताबिक, चंदरपुर में किराए के मकान में रहने वाले चार दोस्त शनिवार सुबह एक नाबालिग के साथ नदी में नहाने पहुंचे थे। सभी नदी में उतरे, लेकिन इसी दौरान गहरे पानी में चले गए। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण पांचों के डूबने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) को बुलाया गया और नदी में लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
बचाव दल ने खोजबीन के दौरान दो युवकों के शव बरामद कर लिए हैं। वहीं, बाकी तीन लोगों की तलाश जारी है। फिलहाल मृतकों और लापता लोगों की पहचान से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
हादसे के बाद चंदरपुर और विश्रामपुर क्षेत्र में चिंता का माहौल है। नदी में नहाने के दौरान एक साथ पांच लोगों के डूबने की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। प्रशासन की निगरानी में बचाव अभियान जारी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने आना बाकी है।
