RAJNANDGAON COW SLAUGHTER CASE: Three more accused, including 2 women, arrested!
RAJNANDGAON COW SLAUGHTER CASE: राजनांदगांव जिले के गौरीनगर में गोवंश की हत्या कर उसका सिर शीतला तालाब और निर्माणाधीन अंडरब्रिज के पास फेंकने के मामले में चिखली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी एजाज अहमद उर्फ कसाई उर्फ वकील अंसारी को नागपुर से गिरफ्तार किया, जबकि दो महिला आरोपियों खैरून निशा (60) और नसीमा बेगम उर्फ रानी (57) को गौरीनगर से पकड़ा गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से ही फरार आरोपियों की तलाश में चिखली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम को मुख्य आरोपी एजाज अहमद के नागपुर में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे नागपुर से गिरफ्तार कर लिया।
मामले में फरार चल रही खैरून निशा और नसीमा बेगम को गौरीनगर से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के साथ मिलकर अपराध में शामिल होना स्वीकार किया।
इस मामले में पुलिस ने 17 अक्टूबर को 10 आरोपियों और एक अपचारी बालिका को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद 18 अक्टूबर को तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। इस तरह प्रकरण में अब तक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299, 325, 238 और 3(5), पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज किया है।
