CG Road Accident: Two dead, including a constable who had come home on leave!
CG ROAD ACCIDENT :छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में घूमने के बाद खरोरा थाना क्षेत्र के सारागांव और बरौंडा के बीच चैती तालाब के पास कार और भूसे से भरे ट्रैक्टर की टक्कर में आरक्षक कमलेश वर्मा और उनके दोस्त रुपेश निषाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गोपी साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा रात करीब 9:10 बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम तर्रा निवासी आरक्षक कमलेश वर्मा शुक्रवार को अपने गांव के दोस्त रुपेश निषाद और गोपी साहू के साथ रायपुर घूमने गए थे। रात में तीनों कार से खरोरा की ओर लौट रहे थे।इसी दौरान बरौंडा के पास खरोरा की तरफ से आ रहे भूसे से भरे ट्रैक्टर से उनकी कार की टक्कर हो गई।
दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद घायल युवक को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार और ट्रैक्टर की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।
