SHRAVAN SURYAVANSHI DEATH : CBI enters Shravan death case, team reaches Bilaspur
बिलासपुर। हिरासत में लिए गए श्रवण सूर्यवंशी की मौत के मामले में अब CBI ने जांच शुरू कर दी है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद चार सदस्यीय CBI टीम शुक्रवार को बिलासपुर पहुंची।
टीम ने सिविल लाइन थाने में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से घंटों पूछताछ की। मामले से जुड़े दस्तावेज, मर्ग डायरी और दूसरे रिकॉर्ड भी खंगाले गए।
BILASPUR AIRPORT UPGRADE : बिलासपुर एयरपोर्ट को 300 करोड़ ?
मामला जनवरी 2024 का है। सीपत पुलिस ने कथित शराब बिक्री के आरोप में 34 वर्षीय श्रवण सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे केंद्रीय जेल भेजा गया। 21 जनवरी को तबीयत बिगड़ने पर उसे सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां अगले दिन उसकी मौत हो गई।
बाद की न्यायिक जांच में हिरासत के दौरान सिर में लगी गंभीर चोट को मौत का कारण बताया गया था। जांच में हिरासत में प्रताड़ना से जुड़े आरोपों की पुष्टि होने की बात भी सामने आई।
परिजनों ने मामले में न्याय के लिए हाईकोर्ट का रुख किया था। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट ने CBI जांच के साथ परिवार को 25 लाख रुपये का अंतरिम मुआवजा देने का आदेश दिया है।
अब CBI हिरासत में लिए जाने से लेकर अस्पताल में मौत तक की पूरी घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। टीम के सीपत थाने और केंद्रीय जेल जाकर भी पूछताछ करने की संभावना है।
