Pune Fort Murder Case: Fiancee pushed into a 400-foot-deep gorge for the sake of a lover, meeting a fatal end!
PUNE FORT MURDER CASE: राजा-सोनम रघुवंशी ‘हनीमून मर्डर’ जैसा ही एक और दिल दहला देने वाला मामला महाराष्ट्र के पुणे से सामने आया है।
महाराष्ट्र के पुणे के लोहागढ़ किले पर मंगेतर सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन अग्रवाल को गहरी खाई में धक्का दे दिया।
हादसे का नाटक रचने वाली कातिल मंगेतर को पुणे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों ने केतन को ऐतिहासिक लोहागढ़ किले से करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया और इसे एक महज हादसा साबित करने की कोशिश की।
शुरुआत में मंगेतर सिया ने पुलिस को बताया था कि तेज हवा के बीच फोटो खींचते समय केतन का पैर फिसल गया था, जिसके आधार पर पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था।
केतन अग्रवाल पुणे के गहुंजे के रहने वाले थे और अपनी पारिवारिक रियल एस्टेट कंपनी में डायरेक्टर थे, जबकि सिया पुणे के एक बड़े मसाला व्यापारी की बेटी है।
दोनों के परिवारों ने मिलकर इसी साल नवंबर में राजस्थान के उदयपुर के एक शाही पैलेस में शादी तय की थी, जिस पर करीब 17 करोड़ रुपए खर्च होने वाले थे। यहाँ तक कि मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड प्लेन तक बुक किए जा चुके थे।
शादी से पहले दोनों बाली (इंडोनेशिया) घूमने जाने वाले थे, लेकिन सिया ने पासपोर्ट खोने का बहाना बनाकर ट्रिप कैंसिल करा दी क्योंकि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। वह पुणे के कोंढवा निवासी चेतन चौधरी से प्यार करती थी और केतन को अपने रास्ते का कांटा मानती थी।
सिया और चेतन ने केतन को मारने की पहली कोशिश 14 जून को ही लोहागढ़ किले पर की थी। तब दोनों ने सांप का डर पैदा कर केतन को खाई में धकेलने की योजना बनाई थी, लेकिन वह नाकाम रही और केतन को इस पर कोई शक भी नहीं हुआ।
इसके बाद 18 जून की सुबह सिया प्री-बर्थडे सेलिब्रेट करने और प्री-वेडिंग शूट के बहाने केतन को दोबारा लोहागढ़ किले पर ले गई।
योजना के मुताबिक चेतन चौधरी भी वहाँ पहुंच गया और सुबह करीब 10:30 बजे दोनों ने मिलकर केतन को 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया, जहाँ अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
