BILASPUR VIRAL VIDEO: What action did the police take on the stunt performed by the girls by opening the sunroof?
विकास सामनानी, ब्यूरो चीफ, बिलासपुर
बिलासपुर। बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार की सनरूफ से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंटबाजी करने और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में दो युवतियां चलती कार की सनरूफ खोलकर मस्ती और डांस करती नजर आ रही हैं, जबकि ड्राइवर हाईवे पर गाड़ी को लापरवाही पूर्वक लहराते हुए दौड़ा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद चकरभाठा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 21 जून की तड़के करीब 4:00 से 4:30 बजे के बीच की है। रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर स्थित हिर्री माइंस के पास सफेद रंग की क्रेटा कार (क्रमांक CG 10 BE 4400) में कुछ युवक-युवतियां सवार थे। वाहन चालक प्रशांत जायसवाल (21 वर्ष), निवासी पुराना बस स्टैंड (महुआ होटल के पास, थाना कोतवाली) लड़कियों को साथ लेकर घूमने निकला था।
हाईवे पर सफर के दौरान कार सवार युवक गाड़ी को कभी इस तरफ तो कभी उस तरफ लापरवाही से लहरा रहा था। इसी बीच कार में सवार दो युवतियां सनरूफ खोलकर बाहर निकल गईं और चलती गाड़ी में खतरनाक तरीके से स्टंट व डांस करने लगीं। इस हुड़दंगबाजी को पीछे से आ रहे एक राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हरकत में आई चकरभाठा पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर घेराबंदी की और उक्त क्रेटा वाहन को रोककर थाने लाया गया। पुलिस की पूछताछ में चालक प्रशांत जायसवाल ने कार चलाते समय ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करना और लापरवाही पूर्वक स्टंटबाजी की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट (एमवी एक्ट) की विभिन्न धाराओं के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए क्रेटा कार को जब्त कर लिया है।
युवतियों पर कार्रवाई नहीं होने से उठे सवाल
कार्रवाई के बाद अब पुलिस के इस कदम को लेकर चर्चा भी शुरू हो गई है। जहां एक तरफ कार चालक प्रशांत जायसवाल के खिलाफ केस दर्ज कर गाड़ी जब्त कर ली गई, वहीं दूसरी तरफ सनरूफ खोलकर मस्ती करने वाली युवतियों पर कोई वैधानिक कार्रवाई नहीं हुई है। इस पर पुलिस का कहना है कि युवतियों को केवल समझाइश देकर छोड़ दिया गया। हालांकि, लोग यह सवाल भी उठा रहे हैं कि हाईवे पर इस तरह की लापरवाही करने वालों पर बराबर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
