Laxmi Verma News: Laxmi Verma’s Oath-Taking Ceremony—Chhattisgarh’s Culture Reflected in Her Saree
Laxmi Verma News: छत्तीसगढ़ से नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने आज देश के गौरवशाली उच्च सदन में सदस्यता ग्रहण की और 3 करोड़ जनता के अधिकारों की आवाज को सदन में बुलंद करने का संकल्प लिया।
इस शपथ ग्रहण में लक्ष्मी वर्मा ने अपने परिधान के माध्यम से संसद भवन में सभी का ध्यान आकर्षित किया जिसमें उन्होने छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अस्मिता को राष्ट्रीय पटल पर गरिमामय ढंग से प्रस्तुत किया।
साड़ी के मुख्य भाग पर प्रदेश के ऐतिहासिक और पुरातात्विक गौरव ‘भोरमदेव मंदिर’ की सुंदर आकृति और प्रदेशवासियों की अगाध आस्था की प्रतीक ‘छत्तीसगढ़ महतारी’ का भव्य चित्र उकेरा गया था।
इसके अतिरिक्त साड़ी के बॉर्डर पर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अभिवादन ‘जय जोहार’ स्पष्ट अक्षरों में लिखा हुआ था।
इस अवसर पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा, “आज राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेना मेरे सार्वजनिक जीवन का अत्यंत भावुक और सर्वोच्च क्षण है।
आज मैंने जो परिधान धारण किया है, वह मेरे लिए मात्र एक वस्त्र नहीं है, बल्कि यह मेरे प्रदेश की पहचान, हमारी गौरवशाली परंपरा और ‘छत्तीसगढ़ महतारी’ का साक्षात आशीर्वाद है। मैं शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व और छत्तीसगढ़ की देवतुल्य जनता का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं।

